शिमला,22 अगस्त,2026 (दीपक दत्ता): हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण 112 सड़कें अभी भी बंद हैं। इसके अलावा करीब 138 ट्रांसफार्मर और 35 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, सबसे ज्यादा 46 सड़कें मंडी, 32 कुल्लू और 12 चंबा में बंद हैं। वहीं कांगड़ा में 6, शिमला, सिरमौर और ऊना में 5-5 तथा लाहौल-स्पीति में एक सड़क बंद है।
बिजली व्यवस्था पर भी बारिश का असर पड़ा है। मंडी में 42, सिरमौर में 40, हमीरपुर में 31 और कुल्लू में 21 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। कांगड़ा में 3 और शिमला में एक ट्रांसफार्मर प्रभावित है। वहीं हमीरपुर की 30, शिमला की 4 और कांगड़ा की एक पेयजल योजना प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। शिमला, कांगड़ा, सोलन, कुल्लू, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि किन्नौर, सिरमौर, चंबा और लाहौल-स्पीति में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।






