Wednesday, August 26, 2026
HomeHaryanaजिला में कचरा उठान कार्य के लिए किए गए है वैकल्पिक प्रबंध:डी.एम.सी....

जिला में कचरा उठान कार्य के लिए किए गए है वैकल्पिक प्रबंध:डी.एम.सी. अमन कुमार

कुरुक्षेत्र 25 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): जिला नगर आयुक्त अमन कुमार ने कहा कि नगर परिषद व नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिला में सफाई व्यवस्था करवाने के लिए वैकल्पिक प्रबंध किए गए है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का कार्य करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में डयूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शहर के विभिन्न गंदगी डंपिंग स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रालियों व जेसीबी की सहायता से सफाई करवाई गई। इस कार्य में 3 ट्रैक्टर-ट्रालियों और 2 जेसीबी को लगाया गया है। मशीनों की सहायता से सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द करने के प्रयास किए जा रहे है।


डीएमसी अमन कुमार ने कहा कि जिला में कुछ स्थानों को कचरा संवेदनशील स्थान के तौर पर चिन्हित किया गया है। इन कचरा संवेदनशील स्थानों पर सफाई व्यवस्था करने तथा किसी भी प्रकार के विवाद, झगड़े अप्रिय घटना रोकने और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नगर परिषद थानेसर व नगर पालिका पिहोवा, लाडवा, शाहाबाद के 29 अधिकारियों को स्थिति सामान्य होने तक ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इन स्थानों पर जरूरत पड़ने पर पुलिस बल को भी तैनात किया जाएगा। डीएमसी अमन कुमार ने नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे सडक़ों पर कूड़ा ना फेंके और किसी भी परिस्थिति में कचरे में आग न लगाएं। कूड़ा-कचरा जलाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित करता है और इससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों तथा सांस संबंधी बीमारियों से पीडित लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, खांसी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती है।
डीएमसी अमन कुमार ने कहा कि कोई भी नागरिक या दुकानदार कूड़ा-कचरा सडक़ों, नालियों, खाली प्लॉटों या सार्वजनिक स्थानों पर इधर-उधर न फैलाएं। घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही रखें तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। प्रशासन का हर संभव प्रयास है कि शहर से अति शीघ्र कूड़े का उठान किया जाए, इसके लिए निरंतर  प्रयास किए जा रहे है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments