लखनऊ, 26 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान विमान को बम की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पायलट और क्रू ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करते हुए विमान की करीब 9:40 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
लैंडिंग के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सुरक्षा एजेंसियों और बम निरोधक दस्ते ने जांच शुरू कर दी। यात्रियों के सामान, सीटों, कॉकपिट और विमान के अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर धमकी फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां जांच पूरी होने तक पूरी सतर्कता बरत रही हैं। धमकी किसने और कहां से भेजी, इसका पता जांच के बाद चलेगा। घटना के बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।






