पटियाला, 30 अगस्त,2026 (अमनदीप सरां): पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने के लिए आयोजित पंजाब क्वींस ट्वेंटी-20 कप का यहां ध्रुव पांडव क्रिकेट स्टेडियम में शानदार समापन हुआ। चार टीमों के इस टूर्नामेंट का खिताब मालवा मेल ने जीता। फाइनल मुकाबले में मालवा मेल ने पुआध एक्सप्रेस को तीन विकेट से हराकर कप अपने नाम किया। टूर्नामेंट में दो अन्य टीमों माझा ब्रिगेड और दोआबा टाइटंस ने भी हिस्सा लिया।
आज खेले गए फाइनल मैच के उपरांत आम आदमी पार्टी के महासचिव एवं स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज सिंह पन्नू ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। विजेता टीम मालवा मेल को कप और दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि, जबकि उपविजेता टीम पुआध एक्सप्रेस को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि और उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।

फाइनल मैच में पुआध एक्सप्रेस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 88 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। पुआध टीम की ओर से अंकिता पाठक ने 22 रन बनाए। मालवा मेल की ओर से अलीशा मेहता ने चार विकेट हासिल किए। मालवा मेल ने 18 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मालवा की ओर से अवनीत कौर संधू ने 34 और हरसिमरत कौर ने 28 रन बनाए।
समापन समारोह के दौरान व्यक्तिगत पुरस्कार भी वितरित किए गए। कनिका आहूजा ने सात मैचों में 287 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब जीता। मन्नत कश्यप ने सात मैचों में 14 विकेट हासिल कर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया। अलीशा मेहता को फाइनल मैच का प्लेयर ऑफ द फाइनल पुरस्कार दिया गया। विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। खेलों में लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए पंजाब सरकार द्वारा और अधिक अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए भी बधाई दी।
इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े पूर्व भारतीय क्रिकेटर गुरकीरत सिंह मान, बरिंदर सिंह सरां और भूपिंदर सिंह जूनियर भी उपस्थित थे।






