Monday, August 31, 2026
HomeHaryanaजिला भाजपा कार्यालय में सुना गया ‘मन की बात’ कार्यक्रम

जिला भाजपा कार्यालय में सुना गया ‘मन की बात’ कार्यक्रम

फतेहाबाद, 31 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आज जिला भाजपा कार्यालय उदय कमल में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से श्रवण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रभक्ति, नशामुक्ति तथा भारत के इतिहास को रोचक तरीके से जानने सहित विभिन्न विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यदि लोग अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लें तो निश्चित रूप से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे लाभ का उल्लेख करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने से उनके रोजगार और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का भी उल्लेख किया और युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अगस्त माह में देशभर में दिखाई देने वाली राष्ट्रभक्ति की भावना का उल्लेख करते हुए हर घर तिरंगा अभियान, स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों में देश के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया सहसंयोजक मनजीत गोस्वामी, कार्यालय प्रभारी शम्मी धींगड़ा, मनजीत शर्मा, प्रदीप धानिया, विजय कुमार सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments