टोहाना, 31 अगस्त,2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने रविवार को अग्रवाल भवन टोहाना के बूथ संख्या 66 पर पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी द्वारा देशवासियों के साथ साझा किए गए जनहितकारी विचारों, प्रेरक प्रसंगों एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को सभी कार्यकर्ताओं ने ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि ‘मन की बात’ जनभागीदारी, सकारात्मक संवाद और राष्ट्र सेवा के संकल्प को सशक्त करने वाला प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री जी इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में समाजहित के लिए किए जा रहे प्रेरणादायी कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को देश के सामने रखते हैं। इससे न केवल ऐसे कार्यों को पहचान मिलती है, बल्कि आम नागरिकों को भी राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।

सांसद सुभाष बराला ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान पर देश के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार और पूरे समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। इसलिए नशामुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘नशामुक्त युवा, ड्रग फ्री इंडिया’ का संकल्प तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान को अपना अभियान मानकर इसमें सक्रिय भागीदारी करेगा।
सांसद बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से स्थानीय स्तर पर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले अनेक लोगों और संस्थाओं के प्रयासों को देश के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में अपने-अपने स्तर पर सेवा, नवाचार और सामाजिक जागरूकता के लिए कार्य कर रहे अनेक गुमनाम नायक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे लोगों के प्रयासों को सामने लाना और उनसे प्रेरणा लेना ‘मन की बात’ की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है।
उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा केवल सरकार के प्रयासों से पूरी नहीं हो सकती, बल्कि इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण आधार है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर राष्ट्रहित में योगदान देता है, तो छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं। ‘मन की बात’ इसी जनशक्ति को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है।

सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए संदेशों को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार, कार्यशैली और सामाजिक जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे ‘मन की बात’ में उठाए गए जनहित के विषयों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा समाज में जागरूकता और सकारात्मक सहभागिता का वातावरण तैयार करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही मजबूत होगा। युवाओं को नशे से बचाना, समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, सेवा भावना को मजबूत करना और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सशक्त युवा, जागरूक समाज और सक्रिय जनभागीदारी ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रमन मड़िया, नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, लक्ष्मण दास बंसल, रोशनलाल सैनी, रविंद्र मेहता, कृष्ण बंसल, जीवन बंसल, रिंकू गर्ग, कृष्ण सैनी, संदीप शर्मा, कमल गुप्ता, मोंटू अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






