Wednesday, September 2, 2026
HomeHaryanaब्रह्म सरोवर सहित कुरुक्षेत्र के सर्वांगीण सौंदर्यीकरण के लिए सरकार ने बनाई...

ब्रह्म सरोवर सहित कुरुक्षेत्र के सर्वांगीण सौंदर्यीकरण के लिए सरकार ने बनाई व्यापक योजना : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा, 02 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले धार्मिक स्थल कुरुक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर सहित शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की व्यापक योजना राज्य सरकार ने तैयार की है। योजना के तहत विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कई कार्यों के टेंडर लगाए जा रहे हैं, जबकि रेस्ट हाउस सहित अन्य कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री अशोक अरोड़ा द्वारा ब्रह्म सरोवर, कुरुक्षेत्र के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधायक श्री अशोक अरोड़ा ने ब्रह्म सरोवर को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है और पहले भी इस विषय को उठाया था। संबंधित मंत्री द्वारा इस संबंध में सदन को विस्तार से जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ब्रह्म सरोवर और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की पूरी योजना तैयार की है। रेस्ट हाउस सहित विभिन्न कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं और आने वाले समय में योजनाबद्ध तरीके से इन कार्यों को पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में कुरुक्षेत्र में श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस मनाया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। कुरुक्षेत्र के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सरकार ने इसके सर्वांगीण विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार की है और उसी के अनुरूप कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इसका उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि जब श्री मनोहर लाल मुख्यमंत्री थे और वह स्वयं सांसद थे, उस समय इस परियोजना को लेकर चर्चा की गई थी। आज रेलवे एलिवेटेड ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है। इस परियोजना से शहर को रेलवे फाटकों की समस्या से मुक्ति मिली है और शहर की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का तेजी से निर्माण सराहनीय है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार कुरुक्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप इसके विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments