करनाल, 02 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि करनाल के सेक्टर-13 में मार्केट से लगती खाली जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करने की योजना तैयार की जा चुकी है। मार्च 2027 तक इस योजना पर काम शुरू किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी मानसून सत्र के तीसरे दिन पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजना के अनुसार इस स्थान को विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-13, करनाल के शॉपिंग सेंटर में 2,560 वर्ग मीटर जमीन इस समय खाली है। यह स्थान मूल रूप से सिनेमा साइट के लिए आरक्षित था, जिसे वर्ष 2008 में पुनर्नियोजित कर 1,800 वर्ग मीटर क्षेत्र कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा 760 वर्ग मीटर क्षेत्र पार्किंग, फुटपाथ और अन्य संबंधित सुविधाओं के लिए निर्धारित किया गया था।
उन्होंने कहा कि शॉपिंग सेंटर के आसपास विकास कार्य, पानी की आपूर्ति और सीवरेज के कार्य पहले ही किए जा चुके हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा शॉपिंग सेंटर में सड़कों, पार्किंग और फुटपाथ का निर्माण वर्ष 1983 में लगभग 4.75 लाख रुपये की अनुमानित लागत से किया गया था। इसके अलावा विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइटिंग का कार्य भी किया गया था।
श्री बेदी ने कहा कि इस स्थान पर पार्किंग, फुटपाथ और अन्य संबंधित सुविधाओं के विकास के लिए अनुमान तैयार किया जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लिए निर्धारित स्थान को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा ई-नीलामी के माध्यम से निपटाने का प्रस्ताव है।






