हरियाणा , 4 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में राष्ट्रव्यापी नागरिक भागीदारी पर आधारित पहल ‘रीफार्म उत्सव’ के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस पहल का उद्देश्य केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित न रहकर ऐसे व्यवस्थित, दोहराए जा सकने वाले और भविष्य उन्मुख सुधारों की पहचान करना है, जिससे नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता और वितरण प्रणाली को बेहतर बनाया जा सके। मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने यहां एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक में इससे जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
राज्य समन्वय समिति (एस.सी.सी) के अध्यक्ष के रूप में बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री रस्तोगी ने अक्टूबर से दिसंबर तक चलने वाले अभियान की तैयारियों और कार्य योजना की समीक्षा की।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि अभियान से जुड़ी तैयारियों के कई महत्वपूर्ण चरण पूरे कर लिए गए हैं। राज्य से प्राप्त फीडबैक केंद्र सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग को भेज दिया गया है। राज्य और जिला समन्वय समितियों का गठन भी किया जा चुका है। अभियान के समन्वय के लिए उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को राज्य नोडल विभाग बनाया गया है।
बैठक में महत्वपूर्ण समय-सीमा की भी समीक्षा की गई। 10 सितंबर तक राज्य कार्य योजना तैयार की जानी है, जबकि 11 सितंबर से राज्यव्यापी जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पारंपरिक और डिजिटल मीडिया के साथ-साथ पंचायत नेटवर्क, शिक्षण संस्थानों, सामुदायिक संगठनों और जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य चरण ‘जन मंथन’ होगा, जो 2 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान नागरिक रीफार्म उत्सव पोर्टल, जनसभाओं और अन्य जमीनी गतिविधियों के माध्यम से शासन एवं सरकारी सेवाओं में सुधार के लिए अपने सुझाव दे सकेंगे। 2 अक्टूबर को प्रत्येक पंचायत में जन मंथन सभा आयोजित करने का प्रस्ताव है। इन सभाओं में माई भारत स्वयंसेवकों और कॉमन सर्विस सेंटरों के सहायता डेस्क भी सहयोग करेंगे।
इसके बाद अभियान सुझाव से आगे बढ़कर निर्णय और क्रियान्वयन के चरण में प्रवेश करेगा। ‘विमर्श’ चरण के तहत 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विभाग नागरिकों से प्राप्त सुझावों की समीक्षा करेंगे और लागू किए जा सकने वाले सुधारों की पहचान करेंगे। इन सुधारों को तत्काल सुधार (क्विक विन्स) और मध्यम अवधि के सुधार (मीडियम-टर्म रिफॉर्म्स) के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा।
इसी के साथ ‘जन समाधान’ चरण में 10 अक्टूबर से 20 दिसंबर तक सुधारों को लागू करने पर जोर रहेगा। तत्काल सुधारों के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और उनकी प्रगति की निगरानी रीफार्म उत्सव पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। मध्यम अवधि के सुधारों के लिए निर्धारित कार्य योजना और माइलस्टोन के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान का समापन 25 से 27 दिसंबर तक होने वाले ‘संकल्प सिद्धि’ चरण के साथ होगा। इसमें सफल सुधारों को प्रदर्शित करने, उनके परिणाम सामने लाने और आगे के क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में हरियाणा के लिए अभियान का स्पष्ट उद्देश्य रेखांकित किया गया—नागरिकों की बात सुनना, व्यवस्था में मौजूद बाधाओं की पहचान करना, व्यावहारिक सुझावों पर कार्रवाई करना और सुधारों के परिणामों की समयबद्ध निगरानी करना।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री शेखर विद्यार्थी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक कुमार मीणा, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






