Saturday, September 5, 2026
HomeHaryanaशांति निकेतन स्कूल, ढिंगसरा में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया शिक्षक...

शांति निकेतन स्कूल, ढिंगसरा में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवसः रणसिंह रेपस्वाल

फतेहाबाद, 5 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सैकेंड़री स्कूल, ढिंगसरा के स्कूल प्रांगण में आज शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत माँ सरस्वती के आगे दीप प्रज्वलित कर और शिक्षकों को तिलक लगाकर नारियल और पुष्प भेंट कर की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला सहित समस्त अध्यापकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उनके जीवन में शिक्षक के महत्वपूर्ण योगदान से अवगत करवाना रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल व डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, गीत, कविताएं एवं एक्ट प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उन्होंने बताया कि बच्चों की प्रस्तुतियों में शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और आभार की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी और बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।


उन्होंने जानकारी देते हुए बताया गया कि भारत में 5 सितंबर को महान शिक्षक, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों के सम्मान को विशेष महत्व दिया। शिक्षक दिवस का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा शिक्षा एवं संस्कारों के महत्व को समझने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों ने अपने शिक्षकों के मनोरंजन के लिए बलून गेम, पास्ता गेम, साड़ी व म्यूजिक चेयर सहित विभिन्न प्रकार की मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। अध्यापकों ने भी बच्चों के साथ इन खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। खेलों के दौरान विद्यालय का वातावरण हंसी-खुशी और उत्साह से भर गया। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के लिए किए गए इन विशेष आयोजनों ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को और अधिक मधुर एवं मजबूत बनाने का संदेश दिया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रेपस्वाल एवं डायरेक्टर श्री बाघेला ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन ने सभी अध्यापकों एवं विद्यार्थियों की सराहना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments