कुरुक्षेत्र,5 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन एवं सीजेएम-कम-सचिव, डीएलएसए नीतिका भारद्वाज के पर्यवेक्षण में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा कानूनी साक्षरता क्लब प्रभारियों के लिए कॉन्फ्रेंस हॉल, एडीआर सेंटर, कुरुक्षेत्र में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में कुरुक्षेत्र के 50 विद्यालयों के लीगल लिटरेसी क्लब इंचार्जों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को पॉक्सो अधिनियम, कानूनी अधिकार एवं कर्तव्यों तथा समसामयिक कानूनी मुद्दों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने, बाल संरक्षण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने तथा विद्यालयों में विधिक साक्षरता को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही, लीगल लिटरेसी क्लब इंचार्जों की भूमिका को विद्यार्थियों तक कानूनी जानकारी पहुंचाने और विधिक जागरूकता की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण बताया गया। इस कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के साथ इंटरैक्टिव चर्चा की गई तथा उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।






