Sunday, September 6, 2026
HomeHaryanaयुवा शक्ति के संकल्प से नशामुक्त बनेगा हरियाणा: श्री नायब सिंह सैनी

युवा शक्ति के संकल्प से नशामुक्त बनेगा हरियाणा: श्री नायब सिंह सैनी

रेवाड़ी, 6 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है और युवाओं का यह जोश प्रदेश को नशामुक्त बनाने के अभियान को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने नशे की चुनौती से निपटने के लिए कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर मजबूत व्यवस्था तैयार की है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को रेवाड़ी में ‘नशा मुक्त हरियाणा-खेल युक्त हरियाणा’ के संकल्प को घर-घर पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे के खिलाफ मजबूत सामाजिक माहौल तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित हाफ मैराथन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। ‘नशे से जंग-रेवाड़ी के संग’ थीम पर आयोजित इस विशाल मैराथन में रेवाड़ी के विधायक श्री लक्ष्मण यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक श्री अनिल यादव और नलवा के विधायक श्री रणधीर पनीहार, श्री पंकज नैन, मैराथन की ब्रांड एंबेसडर एवं राष्ट्रमंडल खेल-2026 में पैरा एथलेटिक्स की स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

नशे की समस्या को राजनीतिक नहीं, युवाओं और परिवारों के भविष्य से जोड़कर देख रही हरियाणा सरकार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को फ्लैग ऑफ करने से पहले अपने संबोधन में कहा कि रेवाड़ी जैसी बहादुरी, मेहनत और राष्ट्रभक्ति की धरती पर नशे जैसी सामाजिक बुराई के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या अचानक पैदा नहीं हुई, बल्कि लंबे समय से चली आ रही चुनौती है, जिस पर पहले गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा सरकार ने इस समस्या को राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि हरियाणा के परिवारों और युवाओं के भविष्य से जोड़कर देखा है। सरकार नशे के खिलाफ प्रभावी और ठोस कदम उठाते हुए युवाओं को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त युवा ही खुशहाल परिवार की नींव है, हुनरमंद युवा ही खुशहाल हरियाणा का निर्माण करेगा और संकल्पवान युवा ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की ताकत बनेगा।

मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने में युवाओं से मांगा सहयोग

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की बिक्री या ड्रग पैडलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल है, तो वे चुप न रहें। उनकी एक सूचना किसी परिवार के चिराग को बुझने से बचा सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि हर युवा कम से कम 10 अन्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी ले, तो यह संकल्प जल्द ही एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।

उन्होंने बताया कि नशा पीड़ितों की सहायता और ड्रग पैडलिंग की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए टोल-फ्री एंटी-ड्रग हेल्पलाइन नंबर 9050891508 शुरू किया गया है। इसके अलावा नशीले पदार्थों से संबंधित शिकायतें ‘मानस’ पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1933 के माध्यम से भी दर्ज करवाई जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसलिए नागरिक बिना किसी डर के नशे के खिलाफ इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशे के खिलाफ जारी अभियान में भागीदारी की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने फूलों की वर्षा कर 50 हजार से अधिक धावकों का बढ़ाया उत्साह

हाफ मैराथन के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फ्लैग ऑफ मंच से 50 हजार से अधिक धावकों और अन्य प्रतिभागियों पर फूलों की वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, मैराथन ट्रैक पर ड्रोन के माध्यम से भी 50 हजार से अधिक धावकों पर फूलों की वर्षा की गई।

मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस आत्मीय स्वागत से धावकों में जोश और उत्साह का माहौल बना रहा। आसमान से बरसते फूलों और उत्साह के बीच दौड़ का दृश्य आयोजन के मुख्य आकर्षणों में शामिल रहा। फूलों की वर्षा के बीच धावकों ने भी उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री का स्वागत किया और पूरे जोश के साथ मैराथन में भाग लिया।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी फन रन में शामिल हजारों प्रतिभागियों को फ्लैग ऑफ करने के बाद स्वयं मैराथन ट्रैक पर पहुंचे और धावकों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच दौड़ते देखकर धावकों में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मैराथन में भाग ले रहे प्रतिभागियों का हाथ हिलाकर स्वागत किया और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने मैराथन ट्रैक के साथ ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया युवाओं का जोश

मैराथन के दौरान फ्लैग ऑफ मंच से लेकर मैराथन ट्रैक तक विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। फ्लैग ऑफ मंच पर गायक नवीन पूनिया और सत्यान लांबा की प्रस्तुतियों ने माहौल में जोश और उमंग भर दी।

वहीं, मैराथन ट्रैक पर बनाए गए विभिन्न कल्चरल प्वाइंट्स पर जिले के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर धावकों में उत्साह भरने का काम किया। इसके साथ ही सैंड आर्ट और नशामुक्त हरियाणा का संदेश देने वाली प्रदर्शनियों के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया गया।

मुख्यमंत्री ने विजेताओं को नकद पुरस्कारों से किया सम्मानित

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रिकॉर्ड भागीदारी के साथ संपन्न हुई रेवाड़ी मैराथन के विजेता प्रतियोगियों को राव तुलाराम स्टेडियम के सामने बनाए गए मंच पर नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सुबह 6 बजे शुरू हुई 10 किलोमीटर की हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में मोनू कुमार ने पहला स्थान हासिल कर दौड़ अपने नाम की। दौड़ में धर्मेंद्र दूसरे और रामसंगरूप तीसरे स्थान पर रहे। इसी मैराथन के महिला वर्ग में सरिता पाल प्रथम स्थान पर रहीं। सोनिका ने दूसरा और नीता रानी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

सुबह 7 बजे शुरू हुई 5 किलोमीटर की मैराथन में पुरुष वर्ग में यश ने पहला पुरस्कार हासिल किया। पंकज दूसरे और शंकरदयाल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पूजा प्रथम स्थान पर रहीं। सोनिया ने दूसरा और नीलम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने 10 किलोमीटर के पहले तीन विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 21 हजार रुपये के चेक एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। इसी प्रकार 5 किलोमीटर में पहले तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को 5,100, 3,100 और 2,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। पैरा एथलीट शर्मिला धनखड़ को भी सम्मानित किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments