कुरुक्षेत्र, 7 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि विज्ञान केंद्र कुरुक्षेत्र द्वारा जिले के गांव किरमच में फसल अवशेष प्रबंधन विषय पर ग्राम स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन सोमवार को किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति प्रोफेसर बीआर काम्बोज के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशक डॉक्टर नरेश कौशिक के दिशानिर्देशानुसार तथा कृषि विज्ञान केंद्र कुरुक्षेत्र के वरिष्ठ समन्वयक डॉक्टर बलजीत सिंह सहारण की देखरेख में किया गया।
इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र कुरुक्षेत्र के वैज्ञानिक डॉक्टर अश्वनी कुमार (पौध रोग) तथा डॉक्टर सरिता रानी (सस्य विज्ञान) ने शिरकत की। वैज्ञानिक डॉक्टर सरिता रानी ने फसल अवशेष प्रबंधन करने से होने वाले फायदों की जानकारी देते हुए किसानों को अपने खेत की पराली ना जलाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि धान की पराली जलाने से मिट्टी, स्वास्थ्य तथा पर्यावरण को नुकसान होता है। पराली जलाने से होने वाले धुएं से आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी तथा अस्थमा के मरीजों को काफी दिक्कत होती है जबकि इन्हीं फसल अवशेषों को मिट्टी में मिलाने से मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बढ़ती है। डा. अश्विनी कुमार ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व पर जानकारी देते हुए इस दिशा में एकजुट होकर काम करने का निवेदन किया। उन्होंने किसानों को फसलों में रोग प्रबंधन के बारे में भी बताया।
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जिले में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जानकारी देने के लिए समय समय पर ग्राम स्तरीय, खंड स्तरीय, जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रमों, खेत दिवस तथा किसान मेला आदि का आयोजन किया जाता है जिससे किसानों को यथा समय जानकारी मिलती रहती है। गांव के किसानों ने वैज्ञानिकों से कृषि संबंधित कई विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सरपंच रणवीर सिंह की अगुवाई में कृषि विभाग से मोहित कुमार (कृषि पर्यवेक्षक) ने भरपूर सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रगतिशील किसान सुभाष कुमार ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का गांव में पधारने और जानकारियां साझा करने के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में गांव के किसानों वीरेन्द्र बूरा, राजपाल, सुभाष सिंह , दिनेश सिंह, जोगध्यान सिंह, मामचंद सहित 50 से अधिक किसानों ने भाग लिया।






