कुरुक्षेत्र, 7 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए द्वारा हालसा की कानूनी जागरूकता बस के माध्यम से विशेष कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कानूनी जागरूकता बस द्वारा डेरा अब्रावण, डेरा चकचकातियां, डेरा राम नगर तथा डेरा संत सिंह सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में गांव-गांव जाकर आमजन को कानूनी अधिकारों एवं निशुल्क कानूनी सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि अभियान के दौरान आमजन को आपदा पीड़ितों के लिए कानूनी सेवा योजना 2010, तस्करी और व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए योजना 2015, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सेवा योजना 2015, बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवा योजना 2024, मानसिक बीमारी और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवा योजना 2024, वीर परिवार सहायता योजना 2025, संवाद योजना 2025 के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही ग्रामीणों को 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत व जागृति राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 3.0, नालसा शिक्षा 2026 योजना तथा किसानों के सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे किसान सशक्तिकरण एवं चेतना अभियान के बारे में भी जागरूक किया गया।
सीजेएम ने कहा कि इस दौरान लोगों को बताया गया कि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के माध्यम से निशुल्क कानूनी सहायता एवं सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। विशेष रूप से कमजोर एवं वंचित वर्गों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें न्याय तक आसान पहुंच के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। हालसा की कानूनी जागरूकता बस के माध्यम से दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर कानूनी साक्षरता एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया तथा आमजन को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।






