कुरुक्षेत्र, 10 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि समाधान शिविर जनसेवा का सशक्त माध्यम है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी बाधाओं को दूर करना और जनता की शिकायतों का मौके पर ही निपटान करना है। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय व उपमंडल सत्र पर सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन एवं अन्य संबंधित शिकायतों की मौके पर सुनवाई कर उनका समाधान किया जा रहा है।
नगराधीश आशीष कुमार वीरवार को न्यू लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर के दौरान लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इससे पहले सीटीएम आशीष कुमार ने समाधान शिविर में क्रिड व अन्य विभागों से सम्बन्धित लोगों की शिकायतों को सुना तथा उनका समाधान करने के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस शिविर की एक-एक समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है ताकि प्रत्येक व्यक्ति को समय रहते शिविर का फायदा मिल सके।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए सरकार द्वारा समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। समाधान शिविर में शिकायतें निपटाने के बाद भी निगरानी कमेटी फीडबैक के लिए शिकायतकर्ताओं से संपर्क करती है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ना होने पर शिकायत को रि-ओपन किया जाता है। शिकायतों के समाधान करने में अधिकारी गंभीरता बरतें। इन शिकायतों का निपटाने करने में जिस विभाग और अधिकारी की लापरवाही मिलती है, उस पर नियमानुसार कार्रवाई भी हो सकती है। समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों में से अधिकारी सबसे पहले अपने विभाग की अधिक समय से लंबित शिकायतों का निपटान किया जाए।






