28 फरवरी 2027 तक चलेगा जनगणना का कार्य, 1 से 5 मार्च 2027 तक होगा संशोधन, प्रत्येक व्यक्ति से जुड़े 40 सवालों के माध्यम से जुटाई जाएगी जानकारी
कुरुक्षेत्र, 18 नवंबर,2026 (संजीव शर्मा): नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि देशव्यापी जनगणना 2027 के तहत हरियाणा में जनगणना का दूसरा चरण 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक संशोधन का दौर चलेगा। इस कार्य के लिए सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जनगणना प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदेशवासियों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके माध्यम से लोग अपने परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
नगराधीश आशीष कुमार ने कहा कि जनगणना 2027 की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित की जा रही है। गणनाकर्ता स्मार्टफोन में उपलब्ध विशेष मोबाइल ऐप के जरिए लोगों से संबंधित जानकारी दर्ज करेंगे। इसके साथ ही जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के माध्यम से फील्ड स्तर पर कार्य की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय और निगरानी को मजबूत किया जाएगा। जनगणना के दूसरे चरण के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी जानकारी निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से एकत्रित की जाएगी। इसमें कुल 40 सवाल शामिल होंगे। इन सवालों में जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं से संबंधित विवरण जुटाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस जानकारी के आधार पर सरकार को विकास योजनाएं तैयार करने, बुनियादी सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरतों का आकलन करने और विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों और परिवारों से अपील की कि वे जनगणना 2027 को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं और गणना कर्ताओं को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं।
दूसरे चरण में शिक्षक और अन्य सरकारी कर्मचारी निभाएंगे जिम्मेदारी
हरियाणा में जनगणना के दूसरे चरण में स्कूली शिक्षक और अन्य सरकारी कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि जनगणना कार्य में लगाए गए अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, समर्पण और लगन के साथ करें। इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
जनगणना में दी गई जानकारी पूरी तरह रखी जाएगी गोपनीय
जनगणना 2027 के दौरान नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी को जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधानों के अनुसार पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। मोबाइल ऐप और ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था के माध्यम से पूरी प्रक्रिया डिजिटल रूप से संचालित होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना के दौरान सही एवं पूरी जानकारी दें और जब जनगणना कर्मचारी उनके घर पहुंचें तो उन्हें पूरा सहयोग करें।
आधार, पासपोर्ट और वोटर आईडी सहित जरूरी विवरण रखें तैयार
जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के माध्यम से डेटा संग्रह में होने वाली गलतियों को कम करने और निर्धारित समय में कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी। आमजन अपना आधार नंबर, पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर और वोटर आईडी कार्ड नंबर तैयार रखें, ताकि जनगणना के दौरान जरूरत पड़ने पर ये विवरण कर्मचारियों को उपलब्ध करवाए जा सकें। यदि कोई व्यक्ति जनगणना कर्मचारियों को उनके आधिकारिक कार्य में बाधा पहुंचाता है या जनगणना प्रक्रिया में रुकावट पैदा करता है तो उसके खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके तहत ऐसे अपराधों के लिए तीन साल तक की जेल और एक हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।







