कुरुक्षेत्र 11 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए द्वारा गांव मुकरपुर एवं मसाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स पर्सन पीएलवी विजय ने ग्रामीणों, किसानों एवं श्रमिकों को प्रदूषण मुक्त खेत अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण, पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभाव तथा इसके कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। किसानों को फसल अवशेषों के उचित एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन के तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस अवसर पर ग्रामीणों को किरायेदारी अधिकार एवं भूमि स्वामित्व अधिकार के संबंध में भी जागरूक किया गया तथा उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की रोजगार गारंटी योजना (वीबी-जी राम जी योजना) तथा पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों को पराली न जलाने की शपथ दिलाई गई तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, कानूनी अधिकारों, रोजगार के अवसरों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।






