लहरागागा/संगरूर, 12 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): आंखों में पवित्र स्थलों के दर्शन की इच्छा और चेहरों पर यात्रा की खुशी लिए आज विधानसभा क्षेत्र लहरागागा के गांव अन्नदाणा और महां सिंह वाला से श्रद्धालु ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत श्री अमृतसर साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुए। कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने अन्नदाणा से दो बसों और महां सिंह वाला से श्रद्धालुओं से भरी एक बस को रवाना किया तथा सभी श्रद्धालुओं को सुखद एवं मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्री गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की यह योजना केवल यात्रा की सुविधा नहीं है, बल्कि उन लोगों की लंबे समय से चली आ रही धार्मिक इच्छा को पूरा करने का माध्यम है, जो अधिक उम्र या आर्थिक तंगी के कारण पवित्र स्थलों के दर्शन करने से वंचित रह जाते थे।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को आरामदायक एसी बसों के माध्यम से यात्रा करवाने के साथ-साथ उनके रहने और भोजन का खर्च भी पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि सेवा और श्रद्धा की भावना को ध्यान में रखते हुए भगवंत सिंह मान सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का विस्तार किया है। इसके तहत अब श्रद्धालु श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा जी-वृंदावन धाम जैसे पवित्र स्थलों की यात्रा कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए विदा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, “मेरी अरदास है कि श्रद्धालु पवित्र धरती से पंजाब की खुशहाली, अमन-शांति और हर परिवार की चढ़दी कला की आशीष लेकर लौटें।”
यात्रा के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं, विशेष रूप से बुजुर्गों ने अपनी खुशी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए सुचारु प्रबंधों से उनके लिए तीर्थ स्थलों के दर्शन की इच्छा को पूरा करने का मार्ग आसान हुआ है।






