टोहाना, 12 सितंबर,2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शनिवार को अपने फार्म हाउस पर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
सांसद सुभाष बराला ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन के संज्ञान में लाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की जायज मांगों का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों में संबंधित विभाग गंभीरता से कार्य करें, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं एवं परियोजनाएं लागू की गई हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि टोहाना सहित पूरे जिले में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करवाने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इसके साथ ही सड़कों, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सहित जनता से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खरीद सीजन से पहले मंडियों में सुविधाएं सुनिश्चित करें अधिकारी-
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने आगामी खरीद सीजन को लेकर मार्केट कमेटी के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन शुरू होने से पहले सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करवाई जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों और व्यापारियों के लिए पेयजल, सफाई, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, फसल लाने वाले किसानों की सुविधा तथा अन्य आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसानों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि मंडियों में व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और खरीद प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।






