कुरुक्षेत्र, 12 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और निरंतर मार्गदर्शन को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) कुरुक्षेत्र द्वारा मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर ब्रह्मसरोवर में भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति में गरिमापूर्ण शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सलाम किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने की जबकि मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिंधू एवं जिला प्रधान डॉ. तरसेम कौशिक ने कार्यक्रम अध्यक्ष सुभाष सुधा एवं मुख्यातिथि डॉ यशपाल यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम अध्यक्ष सुभाष सुधा ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि उनके चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण के मार्गदर्शक होते हैं। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में शिक्षा और समाज के भविष्य का सम्मान है। पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने हसला द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे शिक्षकों की जायज़ मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखेंगे और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
मुख्य अतिथि डॉ. यशपाल यादव ने हरियाणा सरकार की शिक्षा नीति एवं प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न सुधारों और पहलों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम, रचनात्मक, आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके परिश्रम एवं प्रतिबद्धता की सराहना की और कहा कि ऐसे शिक्षक अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

हसला के राज्य प्रधान सतपाल सिंधू एवं राज्य महासचिव डॉ. तरसेम कौशिक ने शिक्षकों के समक्ष आ रही विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक चुनौतियों, शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों तथा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उनके मूल शैक्षणिक दायित्वों के लिए पर्याप्त समय एवं बेहतर कार्य-परिवेश उपलब्ध करवाना शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने संगठन की ओर से शिक्षकों के हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. तरसेम कौशिक, सतबीर कौशिक तथा शीश पाल जांगड़ा ने सभी अतिथियों एवं प्राध्यापक साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम केवल आंकड़ा नहीं होता, बल्कि इसके पीछे शिक्षक की मेहनत, विषय के प्रति पकड़, विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता, निरंतर मार्गदर्शन और वर्षों का अनुभव छिपा होता है।
उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि इस प्रकार का प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का मंच संचालन सतवीर कौशिक, डॉ प्रीतिका हुड्डा एवं डॉ. शीशपाल जांगड़ा ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में हसला कुरुक्षेत्र के जिला प्रधान डॉ. तरसेम कौशिक ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापक साथियों एवं हसला पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से डॉ शीशपाल जांगड़ा, सतबीर कौशिक, रामेश्वर दास, आरती यादव, राजेश सैनी , डॉ प्रीतिका, अलीशेर, रविदत्त एवं संदीप तंवर, जयप्रकाश, संदीप फोगाट सहित आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी साथियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी साथियों की सामूहिक मेहनत और संगठनात्मक एकजुटता ने इस समारोह को शिक्षकों की उपलब्धियों, सम्मान और प्रतिबद्धता का यादगार अवसर बना दिया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, उप-जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. सतपाल बग्गा, डीपीसी कृष्ण कुमार, हसला राज्य प्रधान सतपाल सिंधु , राज्य महासचिव एवं कुरुक्षेत्र जिला प्रधान डॉ. तरसेम कौशिक, चेयरमैन सतवीर कौशिक, संरक्षक डॉ. शीशपाल जांगड़ा तथा राज्य वित्त सचिव पवन मोर, आरती यादव, प्रीतिका हुडा, राजेश सैनी, लक्ष्मी प्रसाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






