कुरुक्षेत्र, 12 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि स्मार्ट हेल्थ कियोस्क मशीन की स्थापना गुढ़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में हुई है। अब इस प्राथमिक केन्द्र से गुढ़ा सहित आसपास के 24 गांवों के नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच के साथ टेस्ट भी होंगे। जब तक टेस्टों के लिए स्वास्थ्य केन्द्र का स्टाफ लाडवा अस्पताल में भेजता था, लेकिन अब जरुरी टेस्टों के साथ-साथ 70 से ज्यादा प्रकार के टेस्ट पीएचसी में ही हुआ करेंगे। जिसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुढा को एम3एम फाउंडेशन संस्थान ने स्मार्ट हेल्थ कियोस्क मशीन को डोनेट किया है।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने शनिवार को पीएचसी में स्मार्ट हेल्थ कियोस्क मशीन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर उपाध्यक्षा सुमन सैनी का एसडीएम राजेश कुमार सोनी द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी मौजूद रहे। उपाध्यक्षा सुमन सैनी को एम3एम फाउंडेशन के प्रधान एश्वर्या महाजन ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा में आए दिन हो रहे नए कामों का श्रेय यहां के सभी नागरिकों को जाता है, क्योंकि अपने मुख्यमंत्री पद पर बैठाकर इन कामों को करवाने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि यह एम3एम फाउंडेशन द्वारा केवल एक मशीन का दान नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा है, यह हमारे बच्चों के और हमारे समाज के स्वस्थ भविष्य में एक बहुत बड़ा निवेश है।
उन्होंने कहा कि आज हमारे हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य को लेकर एक क्रांति आई है। आयुष्मान भारत योजना, चिरायु योजना, निरोगी हरियाणा योजना – इन सबका उद्देश्य यही है कि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे। यह कियोस्क मशीन उसी दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। इससे समर्थ हरियाणा और विकसित भारत का आधार बनने में मदद मिलेगी। एम3एम फाउंडेशन के प्रधान एश्वर्या महाजन ने उपाध्यक्षा समुन सैनी का आभार व्यक्त करते हुए चेयरमैन डा. पायल कानोडिया की तरफ से हर सहयोग का विश्वास दिलाया।
लाडवा में जल्दी बनेगा 50 बैड का अस्पताल
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 50 बैड का अस्पताल बनाने की घोषणा के बाद अभी तक 50 बैड अस्पताल बनाने और स्टाफ में वृद्धि की स्वीकृति भी मिल चुकी है। जल्दी ही लाडवा में 50 बिस्तर अस्पताल होगा। इसी महीने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा में एक बेहोशी रोग विशेषज्ञ को नियुक्ति किया गया। बरोट और गुढ़ा केन्द्र पर भी एक-एक चिकित्सा अधिकारी लगाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा का 51 लाख रुपए के विशेष अनुदान राशि से नवीनीकरण भी किया गया है।
अब 1.80 लाख रुपए आय वाले परिवार भी लाडो लक्ष्मी योजना में शामिल
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की करनी और कथनी में कोई अंतर नहीं है। चुनाव के दौरान जो भी वायदो किए थे उनको पूरा किया जा रहा है। इनमें बहनों से 2100 रुपए देने का वायदा भी शामिल था। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करके इस योजना को लागू किया। इस योजना का 10 लाख से ज्यादा महिलाएं लाभ उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 सितंबर से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार करने जा रहे हैं, अब 1 लाख 80 हजार तक आय वाले इस योजना के दायरे में आएंगे। लगभग 10 लाख महिलाएं और योजना में शामिल होंगी।
पीएचसी डीग की नई बिल्डिंग का किया जा रहा है निर्माण
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डीग की नई इमारत का कार्य निर्माणाधीन है, अभी लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। इसी तरह सीएचसी बाबैन के परिसर में निर्माणाधीन ब्लॉक पब्लिक हैल्थ यूनिट के बिल्डिंग के निर्माण का कार्य लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। सब सेंटर अन्तहेड़ी की नई निर्माणाधीन इमारत का कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है और सब सेंटर बहलोलपुर की नई निर्माणाधीन इमारत का कार्य लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा सब सेंटर खानपुर जट्टान की नई निर्माणाधीन इमारत का कार्य लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, एम3एम फाउंडेशन के प्रधान एश्वर्या महाजन, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, एसएमओ डा. कृष्ण कांत, पूनम सैनी, रीना सैनी, ऋषिपाल डूडी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






