नांगल चौधरी, 14 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे की सुविधाओं को नई गति दी जा रही है। महेंद्रगढ़ जिले में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू हो चुका है।
श्री गंगवा रविवार को नांगल चौधरी में श्री विश्वकर्मा सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सीमा से सटे नांगल चौधरी क्षेत्र की परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, क्योंकि यह अंतिम छोर (टेल) वाला क्षेत्र है। मंत्री ने बताया कि नांगल चौधरी क्षेत्र के लिए लगभग 284 करोड़ रुपये की लागत से सिरोही बहाली, मुसनौता और आसराावास में तीन नए स्वतंत्र जलघर बनाए जा रहे हैं। इससे नांगल दुर्गू और नांगल चौधरी (मोहनपुर) सहित लहरौदा जल आपूर्ति योजना से जुड़े 39 गांवों को लाभ मिलेगा।
सिरोही बहाली पैकेज में काम शुरू हो चुका है और स्टोरेज टैंक की खुदाई की जा रही है, जबकि शेष दो पैकेजों के टेंडर खोले जा चुके हैं और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि नारनौल शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 226 करोड़ रुपये की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत शहर के पांचों जलघरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और दर्जनों पुराने बूस्टिंग स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के कुतबापुर, रामपुरा, बड़कोदा और सीहमा नहर आधारित जलघरों के सुदृढ़ीकरण तथा खामपुर-खासपुर गांवों के लिए नए जलघर के निर्माण के लिए भी लगभग 35 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर ली गई है। इससे 18 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जिले भर के लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।






