लंदन, 14 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): ब्रिटेन की राजधानी लंदन में रविवार को टेम्स नदी के किनारे पहली बार ‘गंगा आरती’ का आयोजन किया गया। चिन्मय मिशन यूके ने अपने 75वें वर्ष के वैश्विक समारोहों के तहत ‘टोटली टेम्स’ फेस्टिवल के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया।
ग्रीनविच स्थित ऐतिहासिक ओल्ड रॉयल नेवल कॉलेज की पृष्ठभूमि में मंत्रोच्चार और संगीत के बीच हुई आरती में हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों, धार्मिक नेताओं और बड़ी संख्या में दक्षिण एशियाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य नदियों, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व जिम्मेदारी का संदेश देना था। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी दीपक नदी में प्रवाहित करने के बजाय किनारे पर ही रखे गए और सिंगल-यूज प्लास्टिक से भी परहेज किया गया।
1997 से आयोजित हो रहे ‘टोटली टेम्स’ फेस्टिवल में पहली बार शामिल की गई इस आरती की सभी टिकटें पहले ही बिक गई थीं।






