कुरुक्षेत्र 16 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा कानूनी जागरूकता बस के माध्यम से गांव, बजीदपुर, मुकरपुर और मुनियारपुर में कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को उनके विभिन्न कानूनी अधिकारों, कानूनी उपचार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीणों को पोक्सो अधिनियम, पीड़ित मुआवजा योजना, पीड़ित देखभाल एवं सहायता प्रणाली, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, मध्यस्थता प्रक्रिया, सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र किरमच तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही नालसा जागृति योजना, मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0, नालसा विधिक सेवाएं आपदा पीड़ित योजना 2010 तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए उपलब्ध विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी गई। जागरूकता अभियान के दौरान कृषि विभाग के प्रतिनिधि ने किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं, सरकारी सुविधाओं एवं लाभों के बारे में जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि वहीं पीएनबी आरसेटी के प्रतिनिधि ने ग्रामीणों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार के अवसरों, वित्तीय जागरूकता तथा आजीविका एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से ग्रामीणों को बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्ति नि:शुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। अभियान को ग्रामीणों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली तथा कानूनी सेवाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाई गई।






