कुरुक्षेत्र 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को ओजोन परत के महत्व, इसके संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को बताया गया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण प्रदूषण को कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र जिले के सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों में जागरूकता कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से ओजोन परत के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश प्रस्तुत किया।






