टोहाना, 17 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): शहीद चौक के सौंदर्यीकरण के तहत चल रहे निर्माण कार्य का वीरवार को एसडीएम आकाश शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्य में इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री और उसकी गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए और कार्य को तय समय सीमा के अनुसार पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आकाश शर्मा ने मौके पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से शहीद चौक के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए तैयार किए गए एस्टीमेट, निर्धारित मापदंडों तथा निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही सामग्री के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण की नियमित रूप से निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य निर्धारित एस्टीमेट एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप ही हो। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रगति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकतानुसार मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कार्य को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान नायब तहसीलदार अनिल कुमार, नगर परिषद के अधिकारी, ठेकेदार तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे।






