चंडीगढ़, 17 सितंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग) : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, हरसिमरत कौर बादल और कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ चंडीगढ़ की अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है। डॉ. गुरप्रीत कौर की ओर से यह शिकायत 16 सितंबर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता , 2023 की धारा 210 और 222 के तहत दर्ज की गई।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 के तहत कथित अपराध के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा डॉ. गुरप्रीत कौर पर गंभीर आरोप लगाए गए और कथित तौर पर यह दावा किया गया कि उन्होंने बलात्कार के एक मामले में आरोपी व्यक्ति को सरकारी तंत्र से सुरक्षा दिलाने के लिए पैसों की मांग की।
डॉ. गुरप्रीत कौर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि मजीठिया द्वारा कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग, तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक किए गए तथा इन्हें कथित वित्तीय लेन-देन से जोड़कर पेश किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि तीनों नेताओं के बयानों के जरिए उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया गया जो पैसों के बदले बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे व्यक्ति की मदद कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयानों और सामग्री के कारण उनकी सामाजिक छवि, व्यक्तिगत पहचान और साख को नुकसान पहुंचा है।
डॉ. गुरप्रीत कौर ने अदालत से कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालती कार्रवाई और उपलब्ध सबूतों के आधार पर होगा।






