कुरुक्षेत्र 19 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य संजीव घारू और रेखा रानी ने गत दिवस देर सायं कुरुक्षेत्र का दौरा कर नगर परिषद तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सफाई कर्मचारियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। आयोग के सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य संजीव घारू ने लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में सफाई कर्मचारियों की लगभग सभी मांगों पर स्वीकार करते हुए उन्हें बड़ी सौगात दी है। सफाई कर्मचारियों के कल्याण, स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर आयोग भी लगातार निगरानी बनाए हुए है। वहीं अंत्योदय की नीति के तहत हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही नहीं होनी चाहिए। सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण तथा सुविधाएं उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करे कि उन्हें समय पर वेतन मिले। दौरे के दौरान आयोग के सदस्यों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का भी दौरा किया। उन्होंने रजिस्ट्रार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।






