कुरुक्षेत्र 19 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपनिदेशक उद्यान डॉ दीन मोहम्मद ने बताया कि उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा की ओर से किसानों, नर्सरी संचालकों एवं बागवानी से जुड़े इच्छुक प्रतिभागियों के लिए नर्सरी प्रबंधन एवं हरियाणा नर्सरी एक्ट-2025 तथा रूल्स-2026 विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा कुरुक्षेत्र में आयोजित होगा।
उपनिदेशक उद्यान डॉ दीन मोहम्मद ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसान भाइयों एवं नर्सरी संचालकों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक बागवानी एवं नर्सरी प्रबंधन की तकनीकों से अवगत करवाने के साथ-साथ हरियाणा में लागू नर्सरी एक्ट-2025 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान नर्सरी स्थापना एवं प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करना, मातृ पौधों का चयन, पौध प्रवर्धन की विभिन्न विधियां, पौधों की देखभाल, सिंचाई एवं पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन, पौधों की गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को हरियाणा नर्सरी एक्ट-2025 के अंतर्गत नर्सरी पंजीकरण/लाइसेंस, पौधों की गुणवत्ता, रिकॉर्ड तथा नर्सरी संचालन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उद्यान विभाग के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान व्याख्यान के साथ-साथ फील्ड में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी करवाया जाएगा, ताकि प्रतिभागी नर्सरी प्रबंधन की तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझ सकें।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण फलदार पौधों की उपलब्धता आधुनिक बागवानी विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। वैज्ञानिक नर्सरी प्रबंधन एवं निर्धारित नियमों की जानकारी से नर्सरी संचालकों को गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन में सहायता मिलेगी तथा किसानों को बेहतर एवं स्वस्थ पौध सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों एवं नर्सरी से जुड़े लोगों से प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाने का आह्वान किया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक बैच में अधिकतम 20 किसानों/नर्सरी संचालको को सम्मिलित किया जाएगा जिसके लिए पंजीकरण विभाग की वेबसाइट कुशल.होर्टहरियाणा.जीओवी.इन पर किया जाना है। प्रतिभागियों का चयन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान किसानों के जलपान, भोजन एवं रहने की व्यवस्था केंद्र द्वारा निशुलक उपलब्ध करवाई जाएगी। सभी इच्छुक किसान भाइयों से आग्रह है कि वे शीघ्र अतिशीघ्र कुशल.होर्टहरियाणा.जीओवी.इन पोर्टल पर पंजीकरण करके प्रशिक्षण में भाग लें सुनिश्चित करें।






