नई दिल्ली, 20 सितंबर, 2026 (शहीद-ए-आजम ब्यूरो): CNN-News18 की वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का रविवार को संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 46 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर के बाद पत्रकारिता और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पायल मेहता के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके परिवार और सहयोगियों के प्रति संवेदना जताई।
परिवार की ओर से जारी स्मृति संदेश के अनुसार, पायल मेहता का जन्म 22 सितंबर 1979 को हुआ था। वह अपने 47वें जन्मदिन से महज दो दिन पहले इस दुनिया से विदा हो गईं। परिवार ने कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होती रहेगी और उनका प्यार तथा उनके द्वारा दिए गए जीवन-मूल्य उन्हें जानने वाले लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।
आज मुंबई में होगा अंतिम संस्कार
पायल मेहता का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर 1:30 बजे चंदनवाड़ी श्मशान घाट, महर्षि कर्वे रोड, चंदनवाड़ी, कलबादेवी, मुंबई में किया जाएगा। परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार की रस्में निभाएंगे। रिश्तेदारों, दोस्तों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों को उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए आमंत्रित किया गया है।






