फरीदकोट, 20 सितंबर, 2026 (जगजीत सिंह): फरीदकोट पुलिस के CIA स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होंडा सिटी कार सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 47 किलो 332 ग्राम हेरोइन, विदेशी निर्मित तीन .30 बोर पिस्तौल, मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल सिंह, अंकुश, सचिन और अनमोल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सादिक-दीप सिंह वाला रोड पर नाके के दौरान आरोपियों ने कार से भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन बंद होने पर उन्हें काबू कर लिया गया।
मामला सादिक थाने में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कथित नशा सप्लाई नेटवर्क के अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।






