चंडीगढ़, 20 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ में अब बारिश का दौर थमता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। मानसून की वापसी भी शुरू हो गई है और अगले 3 से 4 दिनों में पंजाब के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। इस बीच प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। फरीदकोट में सबसे अधिक 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने तथा पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। हवा में नमी कम होने से सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। वहीं, रात में आसमान साफ रहने के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि दिन में तेज धूप से गर्मी फिर बढ़ेगी।
दिन के समय पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर और पटियाला में तापमान लगभग 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। उत्तरी और मध्य पंजाब के अन्य क्षेत्रों में यह 34 से 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। होशियारपुर और रूपनगर में तापमान सामान्य से कुछ अधिक रह सकता है।
रात के तापमान की बात करें तो पठानकोट में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री, जबकि अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर के कुछ हिस्सों में 18 से 20 डिग्री रहने का अनुमान है। मध्य पंजाब में यह 20 से 22 डिग्री और दक्षिणी पंजाब में 22 से 24 डिग्री के बीच रह सकता है।
कुल मिलाकर, रात के तापमान में हल्की गिरावट के साथ मौसम सामान्य या सामान्य से कुछ ठंडा रहने की संभावना है। मानसून की वापसी के साथ आने वाले दिनों में पंजाब में मौसम के मिजाज में और बदलाव देखने को मिल सकता है।






