Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaएशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा, खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश...

एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा, खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान — खेल मंत्री गौरव गौतम

हरियाणा, 23 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): जापान में चल रहे एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा सशक्तिकरण राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से पूरे हरियाणा में उत्साह और गर्व का माहौल है।

खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा हमेशा से देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाला राज्य रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुश्ती, निशानेबाजी, हॉकी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई है और एशियाई खेलों में भी उनका शानदार प्रदर्शन प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाता है।

रोहतक की सुचिका और जींद के हिमांशु ने रचा इतिहास

प्रतियोगिताओं में रोहतक की सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल किया है। यह एमएमए के एशियाई खेलों में शामिल होने के बाद भारत का पहला पदक है। सुचिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का मान बढ़ाया, बल्कि हरियाणा की खेल प्रतिभा का भी लोहा मनवाया है।

दूसरी ओर, जींद के निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने अपने जन्मदिन को देश के लिए यादगार बनाते हुए निशानेबाजी में दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल मंत्री ने कहा कि हिमांशु ने साबित कर दिया है कि हरियाणा के युवा किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।

दीपिका का रहा शानदार प्रदर्शन

हरियाणा की हॉकी खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने भी एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम के मुकाबलों में अकेले 8 गोल दागे हैं। इसे भारतीय हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

मंत्री ने खिलाड़ियों को दी बधाई

खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवार, प्रशिक्षकों और वर्षों की कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

प्रदेश की प्रतिभाओं को तराशा जा रहा है

मंत्री ने बताया कि मिशन ओलंपिक 2036 के तहत हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक खेलों का मजबूत माहौल तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी छोटी उम्र से ही उचित प्रशिक्षण प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।

एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है और उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में भी खिलाड़ी देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments