गुरुग्राम, 23 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा में नवाचार, तकनीक और वैश्विक स्तर की व्यावसायिक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य की अनुकूल औद्योगिक नीतियों, कुशल मानव संसाधन और मजबूत कारोबारी माहौल के चलते दुनिया की नामी कंपनियां निवेश और अपने वैश्विक परिचालन के विस्तार के लिए हरियाणा को प्राथमिकता दे रही हैं। इसी कड़ी में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने हरियाणा की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति के तहत सोमवार को गुरुग्राम के साइबर सिटी में प्रूडेंशियल फाइनेंशियल इंक. (पीएफआई) के पहले इनोवेशन सेंटर इंडिया का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि करीब 150 साल पुरानी प्रूडेंशियल फाइनेंशियल (पीएफआई), जो फॉर्च्यून-200 कंपनी है, ने भारत में अपना पहला इनोवेशन सेंटर स्थापित किया है। भारत में भी इस सेंटर का गुरुग्राम में खुलना राज्य की बढ़ती वैश्विक पहचान और निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आज दुनिया के प्रमुख ग्लोबल बिजनेस हब के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, परामर्श और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में विकसित मजबूत कारोबारी एवं नवाचार इकोसिस्टम ने गुरुग्राम को दुनिया की अग्रणी कंपनियों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है। पीएफआई जैसी प्रतिष्ठित वैश्विक संस्था द्वारा यहां इनोवेशन सेंटर की स्थापना इस पहचान को और मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति के तहत पीएफआई के इनोवेशन सेंटर इंडिया की शुरुआत राज्य में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते भरोसे को रेखांकित करती है। उन्होंने पीएफआई की टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिभा और कुशल कार्यबल की मजबूत उपलब्धता है, जो वैश्विक कंपनियों के लिए राज्य को एक आकर्षक गंतव्य बनाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें मिले फीडबैक के अनुसार हरियाणा की जीसीसी नीति देश के विभिन्न राज्यों की अग्रणी नीतियों में शामिल है। यहां मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अन्य स्थानों की तुलना में अधिक है और इसके लाभ भी तेज गति से तथा बिना किसी अनावश्यक बाधा के उपलब्ध करवाए जाते हैं।
वैश्विक नवाचार और उच्च कौशल वाले कार्यों का केंद्र बना हरियाणा
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का विशेष जोर राज्य के युवाओं को वैश्विक स्तर की कंपनियों के साथ काम करने तथा आधुनिक तकनीक और नए कौशल में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने पर है।
उन्होंने कहा कि पीएफआई इनोवेशन सेंटर इंडिया वित्त, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीक और अन्य उभरते क्षेत्रों में नवाचार तथा उच्च कौशल आधारित कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राव ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि वैश्विक कंपनियों को निवेश, विस्तार, अनुसंधान और नवाचार के लिए अनुकूल नीतिगत माहौल के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। इस प्रकार की निवेश-अनुकूल व्यवस्था वैश्विक कंपनियों के लिए हरियाणा को आकर्षक गंतव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में प्रूडेंशियल फाइनेंशियल इंक. के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं प्रौद्योगिकी तथा संचालन अधिकारी स्कॉट केस, कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य कर्मचारी तथा अनुभव अधिकारी विक्की वालिया, पीएफआई इनोवेशन सेंटर इंडिया के उपाध्यक्ष एवं भारत प्रमुख प्रवीण गोयल, मानव संसाधन प्रमुख उपासना निश्चल, मुख्य संचालन अधिकारी (प्रौद्योगिकी एवं संचालन) डैन स्टीफेंसन तथा उपाध्यक्ष, रणनीतिक पहल बिल सिडलोस्की समेत हरियाणा उद्योग विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






