सन्निहित सरोवर पर नौकाविहार, भजन संध्या और महाआरती के साथ मेले का समापन, सरोवर पर जमकर हुई शानदार आतिशबाजी, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
कुरुक्षेत्र, 23 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा तथा कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज तथा श्रीमहंत बंसी पुरी के सान्निध्य में वामन द्वादशी मेला आयोजित हुआ। इस अवसर पर भद्रकाली शक्तिपीठ के पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा, महंत लक्ष्मीनारायण पुरी, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, कातियानी मंदिर से पंडित बलराम गौत्तम, आचार्य राजेश वत्स, ब्राह्मण सभा हरियाणा के प्रधान पवन शर्मा पहलवान, अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा के राष्टÑीय अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा निंदी, राष्टÑीय उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा गोल्ड़ी, नौजवान सभा के प्रधान अशोक शर्मा पहलवान, पार्षद दिलेश शर्मा, गीता महोत्सव प्राधिकरण के सदस्य विजय नरुला, माृतभूमि सेवा मिशन के संचालक श्रीप्रकाश मिश्रा, पार्षद परमवीर सिंह प्रिंस, विवेक भारद्वाज डब्बू, विशाल मौदगिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में पहुंचने पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज व श्रीमहंत बंसीपुरी जी महाराज तथा अन्य गणमान्य अतिथियों को श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा, प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान नितिन भारद्वाज लाली व पूर्व प्रधान श्माम सुंदर तिवाड़ी ने वेद मंत्रोच्चारण एवं शंखध्वनि के बीच पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया व शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ साथ सभा के पूर्व प्रधान जयनारायण शर्मा, जलेश शर्मा, श्यामसुंदर तिवाड़ी तथा संरक्षक मंडल के सदस्य आरडी शर्मा सहित अन्य सदस्यों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सभा की एकमात्र महिला सरंक्षक श्रीमति सीता देवी के प्रतिनिधि के रूप में उनके सुपुत्र व केडीबी के सदस्य राजेश शांडिल्य को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने शोभायात्रा की सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, श्रीमहंत बंसी पुरी, पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा, पंडित बलराम गौत्तम तथा आचार्य राजेश वत्स भगवान वामन की पालकी को कंधों पर उठाकर मुख्य द्वार तक लाए और झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा के रवाना होने से पूर्व मंदिर के हॉल में आयोजित कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज तथा श्रीमहंत बंसी पुरी ने आर्शीवचन में वामन द्वादशी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2021 से इस मेले का पुर्नजागरण करके श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा ने सराहनीय कार्य किया है। गीता मनीषी स्वामी ज्ञाननंद महाराज ने कहा कि जब-जब भी सनातन परंपराएं लुप्त होने लगती है, भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर इन परंपराओं को दोबारा से स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा भगवान विष्णु ने पहली बार मानव के रूप में अवतार लेकर वामन भगवान ने राजा बलि का अहंकार दूर किया था। कार्यक्रम का मंच संचालन सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने किया।

बैंड-बाजों और आकर्षक झाकियों के साथ पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले वामन भगवान
बैंड-बाजों और आकर्षक झाकियों के साथ पालकी में सवार वामन भगवान शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले। वामन भगवान की पालकी को वेदपाठी ब्राह्मणों ने कंधों पर उठाया हुआ था। पालकी के पीछे आकर्षक झांकियां शामिल थीं। यात्रा में राधा-कृष्ण व गोपियां, शिव-पार्वती, अघोरी, सिंदुरी हनुमान, लंगूर वानर, गोरिल्ला, श्री कृष्ण कृपा समिति की ठाकुर जी की झांकी, शिव स्तुति करते हुए जंगमजोगी की टोली, खाटू श्याम का स्वरूप, साईं बाबा की पालकी, बैंड, पाइप बैंड, नासिक बैंड और घोड़ी डांस आकर्षण का केंद्र रहे।
नगर भ्रमण के बाद शोभा यात्रा के सन्निहित सरोवर पहुंचने पर पवित्र तीर्थ में ठाकुर जी को नौका विहार करवाया गया। नौका को फूल-मालाओं और भव्य रोशनी के साथ सजाया गया था। इस बीच सरोवर पर शानदार आतिशबाजी की गई। भजन संध्या का श्रद्धालुओं ने खूब आनंद लिया। भजन संध्या के बाद ठाकुर जी की महाआरती की गई। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर वामन भगवान का आशीर्वाद लिया।

सहयोगी संस्थाओं ने फूल बरसाकर किया स्वागत
नगर की प्रमुख संस्थाओं जीओ गीता, श्री कृष्ण कृपा परिवार, श्री जयराम संस्थाएं, श्री स्थाणु सेवा मंडल, श्री शिवरात्रित सेवा मंडल, श्री शिव शक्ति सेवा मंडल, हरियाणा कला परिषद, हर-हर महादेव सेवा मंडल, श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति, श्री शिरड़ी साईं सेवा संघ, हरियाणा ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास, श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत, लान्यस क्लब, रोटरी क्लब, फिनिक्स क्लब, मुलतान सभा, अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा, अद्वैत स्वरूप आश्रम (नंगली वाली कुटिया), सेवा ट्रस्ट यूके, श्री हनुमान मंदिर सभा (पुरानी सब्जी मंडी), अंबेडकर चौक मार्केट एसोसिएशन, नौजवान सभा, श्री सनातन धर्म गौशाला, बीपीएसओ कुरुक्षेत्र, उमंग समाजसेवी संस्था, एसजीडी संस्कृत वेद विद्यापीठ, प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र, प्राचीन दुर्गा माता एवं राधा-कृष्ण मंदिर समिति, मातृभूमि सेवा मिशन, ब्राह्मण कर्मचारी कल्याण सभा, प्राचीन मुलतान सभा, कुरुक्षेत्र सेवा मंडल तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सहित अनेक संस्थाओं ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।






