बाबैन, 23 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा का चहुमुखी विकास करवा रहे हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने 8 गांवों में 2 करोड़ 31 लाख रुपए की राशि से विकास कार्यों को करवाने की घोषणा की है। इसके साथ ही इन गांवों के सरपंचों द्वारा रखी मांगों को भी पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा है।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी बुधवार को बाबैन में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रही थी। इस दौरान उन्होंने गांव जलालुद्दीन निवासी मंगत राम और घिसरपड़ी निवासी रानी देवी की आर्थिक सहायता करते 50-50 हजार रुपए के चैक सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैभी भी मौजूद रहे। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव कालीरानो में विकास कार्य के लिए 21 लाख व दो लाख रुपए लाइब्रेरी के लिए, गांव सुल्तानपुर में 21 लाख सामुदायिक केंद्र और 5 लाख रुपए की राशि गुरुद्वारा साहिब में देने की घोषणा की। इसी तरह गांव सौंटी, बीड़ सौंटी के विकास कार्यों और गांव के गुरुद्वारा साहिब के लिए 21-21 लाख रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि बीड खैरी में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए व दो लाख रुपए लाइब्रेरी के लिए, गांव अंटहेड़ी में 50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक केंद्र और गांव शमशान घाट का सौंदर्यकरण करवाने की घोषणा की। इसी तरह बरगट जाटान और बरगट थलीपुर के विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपए और लाइब्रेरी के लिए 2-2 लाख रुपए देनी की घोषणा की है। इसके साथ ही सभी गांवों के सरपंचों द्वारा रखे गए विकास कार्यों को संबंधित विभाग से पूरा करवाने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, अनिल टाटकी, मंगत राम, निर्मल सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






