चंडीगढ़, 23 सितंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और अमर शहीद राव तुलाराम जी को उनके शहीदी दिवस पर नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राव तुलाराम जी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष में अद्वितीय साहस, बहादुरी और देशभक्ति का प्रदर्शन किया। उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राव तुलाराम जी का हरियाणा के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष में अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बहादुरी तथा नेतृत्व का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि राव तुलाराम जी ने कठिन परिस्थितियों में भी अंग्रेजी हुकूमत के आगे झुकने के बजाय स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। उनका त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमें देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राव तुलाराम जी की बहादुरी की गाथा हरियाणा के गौरवशाली इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उनका बलिदान राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले अनगिनत वीरों की स्मृति को जीवित रखता है। उनकी वीरगाथा सदैव हमारे दिलों में देशभक्ति की लौ जलाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को राव तुलाराम जी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उनके आदर्श हमें देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।





