Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaसेवा संकल्प अभियान के तहत आईजी गवर्नमेंट पी.जी. कॉलेज व पीएम श्री...

सेवा संकल्प अभियान के तहत आईजी गवर्नमेंट पी.जी. कॉलेज व पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुआ नाटक का मंचन

टोहाना, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत आईजी गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, टोहाना तथा पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोहाना में नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, विभिन्न विकास पहलों तथा देश में हुए बदलावों को प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को मंच पर जीवंत किया।

आईजी गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, टोहाना में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोहाना में आयोजित कार्यक्रम में मार्केट कमेटी चेयरमैन जगजीत हुड्डा मुख्यातिथि रहे। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों ने नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किए गए विभिन्न प्रसंगों को देखा।

सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है अभियान : देवेंद्र सिंह बबली

पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में अनेक स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रभक्तों और योद्धाओं ने अपना योगदान दिया तथा देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आजादी के बाद भी विभिन्न पीढ़ियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह इसी परंपरा को आगे बढ़ाए।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि देश को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में एक दीर्घकालिक संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि पिछले वर्षों में देश में विभिन्न क्षेत्रों में अनेक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने सुरक्षा, किसान कल्याण, जनधन योजना, रोजगार व्यवस्था तथा विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं और अवसर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं का लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए, तभी योजनाओं की सार्थकता सुनिश्चित होती है।
टोहाना में विकास कार्यों को लेकर साझा किए अनुभव
देवेंद्र सिंह बबली ने टोहाना क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया गया। उन्होंने सिविल अस्पताल, नए बस स्टैंड, पंचायत भवन सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गांवों में ई-लाइब्रेरी की शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध करवाने की दिशा में लाइब्रेरी में यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया।

जनसेवा की भावना से आयोजित किया गया नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर
पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्र में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्यों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ समाज में सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है।

सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम: जगजीत हुड्डा

मार्केट कमेटी चेयरमैन जगजीत हुड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर से शुरू किया गया ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह अभियान लोगों को सेवा कार्यों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन, सेवा भाव और देश की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाया जा रहा है। नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि देश का विकास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव है।

जगजीत हुड्डा ने कहा कि सेवा की भावना हमारे सामाजिक संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जरूरतमंदों की सहायता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग जैसे कार्यों में प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे सकता है।

प्रधानमंत्री की विकास यात्रा को नाटक के माध्यम से किया प्रस्तुत

कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत नाटक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और विभिन्न विकास पहलों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक में देश में हुए विभिन्न बदलावों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा भावना तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को मंचन के माध्यम से दर्शाया गया। कलाकारों ने विभिन्न पात्रों और प्रसंगों के माध्यम से विकास, जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। नाटक की प्रस्तुति के दौरान कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर साकेत गर्ग, रमेश गोयल, विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र पाल, पार्षद सतीश पुरी, संदीप शर्मा महामंत्री सहित अन्य गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments