Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaअरुणाय में सेवा संकल्प अभियान के तहत मेगा स्वास्थ्य शिविर का हुआ...

अरुणाय में सेवा संकल्प अभियान के तहत मेगा स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

कुरुक्षेत्र, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशों एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, कुरुक्षेत्र के मार्गदर्शन में आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गांव अरुणाय (पिहोवा) के गुरु रविदास मंदिर में एक भव्य मेगा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर और विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष विभाग के चिकित्सकों की सक्रिय सहभागिता के बीच हुआ, जिसमें जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर ने ग्रामीणों को स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने औषधीय पौधों के महत्व एवं उनके स्वास्थ्यवर्धक उपयोग के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया तथा घर एवं आसपास के क्षेत्र में औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मेगा शिविर के सफल संचालन के लिए डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. महक, डॉ. प्रणव सिंह और डॉ. शुभम (होम्योपैथिक विशेषज्ञ) सहित विजय कुमार (आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट), पंकज शर्मा (आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट), विकास कुमार (होम्योपैथिक फार्मासिस्ट), प्रदीप कुमार (योग सहायक) और शिव कुमार (योग सहायक) की विशेष रूप से सहायता की। इन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग और डॉ. जसबीर सिंह के सहयोग से ग्रामीणों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई और साथ ही एलीट रोटरी क्लब कुरुक्षेत्र के सहयोग से एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।


उन्होंने कहा कि लोगों को रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी जीवन-रक्षक उपयोगिता के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा, अरुणाय सर्कल की सुपरवाइजर काजल के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने और जनभागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को आयुर्वेदिक जीवन शैली, स्वस्थ दिनचर्या और विभिन्न रोगों की रोकथाम के संबंध में उपयोगी और व्यावहारिक जानकारियां दी गई। मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 478 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 240 मरीजों की आयुर्वेदिक ओपीडी तथा 238 मरीजों की होम्योपैथिक ओपीडी रही है।
अभियान के अगले चरण में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और उनके नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिला एवं बाल स्वास्थ्य पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में गर्भावस्था के दौरान मासानुमासिक परिचर्या, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया (खून की कमी) से बचाव तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और पोषण अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया। इसी श्रृंखला में, डॉ. रीना के मार्गदर्शन में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उमरी में भी एक विशेष स्कूल हेल्थ चेकअप एवं योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ स्वस्थ दिनचर्या, योग और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के सफल समापन पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य आयुष पद्धतियों और प्राकृतिक जीवन शैली को जन-जन तक पहुंचाना है ताकि हर नागरिक स्वस्थ जीवन जी सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments