कुरुक्षेत्र, 25 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिर्जापुर में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराना और पात्र छात्र-छात्राओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की प्रक्रिया समझाना था।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी अमन कुमार के आदेशानुसार कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यालय से आए प्रवक्ता अमित सिंह तथा अनिल मेहला ने छात्र-छात्राओं को मतदान के अधिकार, लोकतंत्र में इसकी भूमिका और नए मतदाता पंजीकरण की ऑनलाइन व ऑफलाइन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण फॉर्म को सही तरीके से भरने का व्यावहारिक मार्गदर्शन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बताया गया कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं और एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए हर एक वोट अत्यंत महत्वपूर्ण है।






