अमलोह/मंडी गोबिंदगढ़, 26 सितंबर, 2026 (हर्षलीन सिंह): हलका विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग द्वारा आज ‘मान के मुनाफे’ जनसंपर्क अभियान के तहत मंडी गोबिंदगढ़ के वार्ड नंबर 08 में लोगों से घर-घर जाकर मुलाकात की गई। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य में करवाए गए विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिए जा रहे लाभों के बारे में लोगों को जानकारी दी।
विधायक गैरी बड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आम लोगों को राहत देने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई जनहितैषी पहलों का लाभ प्रदेश के आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मान के मुनाफे’ अभियान का उद्देश्य पंजाब सरकार द्वारा राज्य की भलाई और विकास के लिए उठाए गए कदमों के बारे में लोगों को जागरूक करना है।

विधायक ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रखी गई है। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है, जिसके चलते शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब अग्रणी बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सफल रही है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘मावां धीयां सत्कार’ योजना शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को राशन किट, 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा टेलों तक नहरी पानी पहुंचाने सहित अनेक ऐसे प्रयास किए गए हैं, जो सरकार की राज्य के विकास और प्रदेशवासियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर नगर परिषद मंडी गोबिंदगढ़ के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह प्रिंश, उपाध्यक्ष विनीत बिट्टू, हेमंत गोयल, सत्यपाल सिंह लोधी, विनोद गुज्जर, सुखजिंदर सोनू, दर्शन सिंह चीमा, बलकार सिंह लंबरदार, लखविंदर सिंह बाबा जी, गोल्डी घुम्मण, दलजीत विर्क, जगजीवन सिंह, रविंदर सिंह बॉबी, अखिल अबरोल, आसू बांसल, शिवम बांसल, सुखविंदर बेदी, वरुण शर्मा, जगतार सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।






