कुरुक्षेत्र , 26 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने शुक्रवार को पानीपत सेक्टर-6 स्थित कबीर छात्रावास में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 26 अक्टूबर, शनिवार को कुरुक्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि जयंती का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी मांगों को सरकार ने गंभीरता से सुना है और सभी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा।
श्री बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अधिक से अधिक उच्च शिक्षा दिलाएं, ताकि वे जीवन में सफलता हासिल कर सकें।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और संवाद के माध्यम से समाज में फैले भेदभाव तथा रूढ़िवादी सोच को दूर किया जा सकता है। इसलिए हम सभी को अपने बच्चों को शिक्षित बनाना चाहिए।
श्री बेदी ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर आगे बढ़ना चाहिए। सामाजिक भेदभाव, संकीर्ण सोच और आपसी दूरी को समाप्त कर सम्मान के साथ आगे बढ़ने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।






