लुधियाना, 26 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना और कॉग्नीसोल एगटेक प्राइवेट लिमिटेड (‘अपनी खेती’) ने डिजिटल प्रसार सेवाओं को सशक्त बनाने तथा किसानों और पशुपालकों तक वैज्ञानिक ज्ञान एवं तकनीकों के व्यापक प्रसार को सुगम बनाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौता ज्ञापन पर विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल तथा कॉग्नीसोल एगटेक प्राइवेट लिमिटेड (‘अपनी खेती’) के पार्टनरशिप एवं एलायंस लीड श्री चमकौर सिंह ने डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल उप-कुलपति की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
कॉग्नीसोल एगटेक प्राइवेट लिमिटेड ‘अपनी खेती’ नामक किसान-केंद्रित डिजिटल मंच संचालित करती है, जो विशेषज्ञ सलाह, विश्वसनीय जानकारी, प्रामाणिक उत्पादों तथा मंडियों से संपर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराती है। 16 लाख से अधिक किसान इसकी मोबाइल एप्लीकेशन और सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए ‘अपनी खेती’से जुड़े हुए हैं।
इस समझौते का उद्देश्य पशुपालन, पोल्ट्री तथा मत्स्य पालन से संबंधित विश्वसनीय और वैज्ञानिक जानकारी तक पहुंच को बेहतर बनाकर किसानों और पशुपालकों को डिजिटल-आधारित समाधान उपलब्ध कराना है। यह ‘अपनी खेती’ के व्यापक डिजिटल पहुंच नेटवर्क के माध्यम से वेटरनरी यूनिवर्सिटी द्वारा विकसित उत्पादन तकनीकों और नवाचारों के प्रसार को भी सुगम बनाएगा। यह सहयोग तकनीकी परामर्श, प्रशिक्षण और प्रसार सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करते हुए विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों और कृषि समुदायों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करेगा।
डॉ. गिल ने इस पहल की सराहना करते हुए किसानों तक समय पर वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने में डिजिटल माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी किसानों और विशेषज्ञों के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी तथा पशुपालन, पोल्ट्री और मत्स्य पालन के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, प्रसार एवं पहुंच संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देगी।






