फगवाड़ा, 28 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म और आत्महत्या को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए संदेशों के बाद रविवार को पैदा हुआ तनाव देर रात तक शांत हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संस्थान को 10 दिनों के लिए बंद करने का फैसला किया है। इस अवधि में होने वाली सभी परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों को सलाह दी गई है कि जो विद्यार्थी छुट्टियों के दौरान घर जाना चाहते हैं, वे अपने अभिभावकों को बुलाकर उनके साथ घर जाएं। वहीं, विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले छात्रों को बिना आवश्यक काम के हॉस्टल से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
घटना के बाद रविवार सुबह करीब 6 बजे बंद हुआ दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग 18 घंटे बाद आधी रात के आसपास यातायात के लिए खोल दिया गया। लंबे समय से सड़क पर फंसे वाहन इसके बाद अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
तनाव के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया, जबकि प्रदर्शनकारी छात्रों की ओर से पथराव किया गया और कुछ पुलिस वाहनों में आग लगाए जाने की सूचना सामने आई।
फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थिति पुलिस के नियंत्रण में बताई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
छात्रों की मांगों के बाद पुलिस ने छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित किए जाने की भी जानकारी दी गई है। डीआईजी नवीन सिंगला ने छात्रों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।






