Monday, September 28, 2026
HomeHaryanaठगी करने के मामले में गिरफ्तार प्रोपर्टी डीलर की सम्पत्ति को अटैच...

ठगी करने के मामले में गिरफ्तार प्रोपर्टी डीलर की सम्पत्ति को अटैच करे पुलिस : कृष्ण लाल पंवार

कुरुक्षेत्र, 28 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के पंचायत एवं विकास विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बाद कीमत अदा न करने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए प्रोपर्टी डीलर की संपत्ती को अटैच किया जाए। शिकायतकर्ता गांव रतगल निवासी जसविंद्र सिंह ने प्रोपर्टी डीलर पर बहला फुसलाकर संपत्ती की रजिस्ट्री करवाने के बाद पैसे न देने, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के बाद केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हरियाणा के पंचायत एवं विकास विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बैठक में एजेंडे के 11 मामलों की सुनवाई करते हुए 9 शिकायतों का निपटारा किया और शेष दो मामलों में कमेटी का गठन करके जांच के निर्देश भी दिए। बैठक में पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हरियाणा राज्य मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फूला रानी की दुकान का फिजीकल वेरीफिकेशन करके 15 दिनों में रिपोर्ट जारी करें, ताकि दुकान मालिक अपने दुकान पर आगामी कार्रवाई को अमल में ला सके। अन्य मामले में गांव रामगढ़ रोड निवासी रामेश्वर की शिकायत पर सीईओ जिला परिषद को निर्देश दिए कि 15 दिनों में गौचरांद भूमि की निशानदेही करवाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव किरमच की ग्राम पंचायत की शिकायत की सुनवाई करके हल किया।

चोरी हुए 15 लाख के जेवर सहित आरोपियों को गिरफ्तार करने पर पुलिस को करी प्रशंसा

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पुलिस अधीक्षक व पुलिस को 15 लाख रुपए के जेवर सहित आरोपियों को गिरफ्तार करने पर बधाई दी और प्रशंसा भी की। शिकायतकर्ता रायफार्म काछवा निवासी बलजिंद्र सिंह ने शिकायत में बस में सफर के दौरान 19 तोले सोने के जेवरात चोरी का कुछ युवकों पर आरोप लगाया था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेवर बरामद कर लिए गए।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांधी नगर वार्ड नंबर 1 निवासी परमजीत कौर की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई से संतुष्टि व्यक्त की और पुलिस के काम की प्रशंसा भी की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और दूसरे प्रदेशों में बैठे अपराधियों की तलाश कर रही है।

पंचायती भूमि पर वर्ष 2004 से पहले के कब्जाधारी करें ऑनलाइन आवेदन

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव घमूर खेडी निवासी वेद कुमार की शिकायत की सुनवाई के दौरान कहा कि पंचायती भूमि पर वर्ष 2004 से पहले रिहायश बनाकर रहने वाले नागरिकों का सरकार द्वारा बनाए गए पोर्टल के माध्यम से आवेदन करवाएं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फैसला लिया है कि जो नागरिक वर्ष 2004 से पहले पंचायती भूमि पर रह रहा है, वो वर्ष 2004 के क्लेक्टर रेट का डेढ़ गुणा कीमत पर 500 वर्ग गज तक भूमि की रजिस्ट्री करवा सकता है। ऐसे पात्र नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस योजना में तालाब, फिरनी और कृषि योग्य भूमि के कब्जाधारी शामिल नहीं होंगे।

शाहाबाद शहर के सभी पार्कों की 15 दिन में सफाई करवाने के दिए निर्देश

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शाहाबाद निवासी ताजबीर सिंह की शिकायत पर नगर पालिका सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि सीवरेज के निर्माण कार्य को एक महीने में शुरू करवाया जाए। इसके साथ ही पालिका के अधीन आने वाले सभी पार्कों में अभियान चलाकर 15 दिनों में सफाई करवाई जाए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव झिरबडी निवासी माला राम की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि खेत के रास्ते को पक्का करने के लिए 9 लाख 43 हजार रुपए का बजट विभाग को प्राप्त हो चुका है। धान की फसल की कटाई के बाद रास्ता का निर्माण कर दिया जाएगा।

अमीन जाने वाली सड़क के निर्माण के लिए 9.27 करोड़ रुपए की मिली मंजूरी

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव अमीन निवासी बीर सिंह की शिकायत पर कहा कि अमीन जाने वाली सड़क निर्माण के लिए 9 करोड़ 27 लाख रुपए की मंजूरी विभाग को मिल चुकी है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में टेंडर हो जाएगा और 15 दिसंबर तक काम शुरू हो जाएगा। तब तक संबंधित विभाग गड्ढों को पैचवर्क करके भरे। अन्य मामले में गांव निवारसी निवासी अमरीक सिंह की शिकायत पर एसडीएम को दोनो पक्षों की सुनवाई करके रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये गणमान्य रहे मौजूद

इस मौके पर विधायक थानेसर अशोक अरोड़ा, विधायक शाहाबाद रामकरण, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम डा. राहुल कनवारिया, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम शंभू राठी, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, वाइस चेयरमैन डीपी चौधरी, नगराधीश आशीष कुमार सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments