कुरुक्षेत्र, 29 सिंतबर, 2026 (संजीव शर्मा): मेरा युवा भारत कुरुक्षेत्र उपनिदेशक सुरमयी ने निर्देशन में नव नियुक्त जिला युवा अधिकारियों के फील्ड इंडक्शन प्रशिक्षण के तहत जिला में दो दिवसीय फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान नव नियुक्त अधिकारियों ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों का भ्रमण कर उनकी कार्यप्रणाली, अभिलेख प्रबंधन, युवा-केंद्रित गतिविधियों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
फील्ड विजिट के दौरान अधिकारियों ने आईआरएडीए संस्था का दौरा किया और संस्था की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। राजपाल पांचाल ने आईआरएडीए रेडियो कार्यालय का भी भ्रमण करवाया, जहां उनके द्वारा सामुदायिक रेडियो के संचालन, कार्यक्रम निर्माण तथा जन-जागरूकता एवं सूचना प्रसार में रेडियो की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। रेडियो कार्यालय का प्रत्यक्ष अवलोकन अधिकारियों के लिए एक विशेष एवं उपयोगी अनुभव रहा। इसके बाद अधिकारियों ने हरियाली युवा संगठन का भ्रमण किया। यहां युवा क्लब के अध्यक्ष सूरज, सह अध्यक्ष केहर सिंह एवं अन्य सदस्यों ने अधिकारियों का स्वागत किया और संगठन की गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की।
युवा मंडल के अध्यक्ष सूरज ने बताया कि संगठन वर्ष 2016 से लगातार युवाओं एवं समाज के बीच कार्य कर रहा है। उन्होंने युवा मंडल द्वारा समय-समय पर आयोजित की जा रही गतिविधियों तथा वर्तमान में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से युवाओं को सामाजिक कार्यों एवं सामुदायिक गतिविधियों से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
फील्ड विजिट के अगले चरण में अधिकारियों ने जिला रोजगार कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान जिला रोजगार अधिकारी सीमा सैनी ने विभाग की कार्यप्रणाली तथा युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार एवं करियर अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। नवनियुक्त अधिकारियों ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, सक्षम योजना सहित युवाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस संवाद से अधिकारियों को युवाओं को रोजगार, कौशल एवं विभिन्न सरकारी अवसरों से जोडऩे में जिला रोजगार कार्यालय की भूमिका को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।
द्वितीय दिन के अंतिम चरण में अधिकारियों ने प्रेरणा वृद्ध आश्रम का दौरा किया। आश्रम के संस्थापक जय भगवान सिंगला ने बुजुर्गों की देखभाल, उनके सम्मानजनक जीवन तथा आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। आश्रम के महासचिव हरिकेश पपोसा ने अधिकारियों को आश्रम में रह रहे बुजुर्गों की दैनिक दिनचर्या, उनके लिए आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों तथा आश्रम में संचालित अन्य कार्यक्रमों से अवगत कराया। इस दौरान मानवीय संवेदनाओं, सेवा भावना एवं समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति जिम्मेदारी को करीब से अनुभव करने का अवसर मिला।
फील्ड इंडक्शन प्रशिक्षण के दौरान हुए इन विभिन्न भ्रमणों ने नव नियुक्त जिला युवा अधिकारियों सौरभ पांडेय, दिव्या , समर्थ सोहल, फौद मुहम्मद, दीपक यादव, थंबी प्रभाकरण व मोहम्मद समीर खान को सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और सामुदायिक संगठनों की जमीनी कार्यप्रणाली को समझने का व्यावहारिक अवसर प्रदान किया। उपनिदेशक सुरमयी ने बताया कि अधिकारियों ने संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों को जाना और दस्तावेजीकरण, युवा सहभागिता, रोजगार अवसर, सामुदायिक संचार तथा सामाजिक सेवा जैसे विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
यह फील्ड विजिट अधिकारियों के लिए एक समृद्ध अनुभव रहा, जिसने उन्हें प्रशिक्षण के सैद्धांतिक पहलुओं को जमीनी अनुभव से जोडऩे तथा युवाओं एवं समुदाय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने की समझ विकसित करने में सहायता प्रदान की।






