महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर में 30 सितंबर को होगा रील कॉन्टेस्ट एवं इन्फ्लुएंसर मीट का आयोजन, इच्छुक प्रतिभागियों को रील कॉन्टेस्ट एवं इन्फ्लुएंसर मीट के लिए करवाना होगा पंजीकरण
कुरुक्षेत्र,, 29 सितम्बर,2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा पर्यटन द्वारा कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर कुरुक्षेत्र में विशेष रील कॉन्टेस्ट एवं इन्फ्लुएंसर मीट का आयोजन 30 सितंबर को किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं, सोशल मीडिया क्रिएटर, रील मेकर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को महाभारत की पावन भूमि और कुरुक्षेत्र की समृद्ध विरासत से जुडऩे तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक डिजिटल माध्यमों के माध्यम से कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। प्रतिभागी महाभारत एवं कुरुक्षेत्र की विरासत, पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहर और अनुभवों पर आधारित रील तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए इस प्रकार के आयोजन पर्यटन स्थलों को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों से पहले से पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड को स्कैन करके ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके साथ-साथ दिए गए फॉर्म लिंक के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयोजन से जुड़ी जानकारी एवं प्रवेश संबंधी पूछताछ के लिए संपर्क नंबर 94161-18755 तथा 70150-40528 जारी किए गए है।
उन्होंने कहा कि ज्योतिसर का संबंध महाभारत की महान गाथा और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए गीता के उपदेश से जोड़ा जाता है। ऐसे ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पर्यटन, संस्कृति और डिजिटल क्रिएटिविटी के संगम का अवसर प्रदान करेगा। हरियाणा पर्यटन की इस पहल से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान, धार्मिक महत्व और पर्यटन संभावनाओं को नए अंदाज में प्रस्तुत करने का मंच मिलेगा। ज्वाइन अस फॉर दी महाभारता एक्सपियरिंस की भावना के साथ यह आयोजन प्रतिभागियों को एक यादगार अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इच्छुक रील मेकर्स, इन्फ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स एवं युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और कुरुक्षेत्र की गौरवशाली विरासत को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।






