कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा पहुंचे पिपली अनाज मंडी
कुरुक्षेत्र, 30 सितंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान अन्नदाताओं को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। अनाज मंडियों में किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा देर रात पिपली अनाज मंडी में पहुंचे। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा का मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सैनी ने स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मंडी में बातचीत कर धान की फसल की खरीद प्रक्रिया के संबंध में की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और उनकी सुविधा एवं सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अनाज मंडी में पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक काटे सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा फसल में नमी की जांच भी की। फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों और आढ़तियों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसान अपनी फसल को सुगमता से मंडी में बेच सकें और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाज मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और फसल खरीद प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाए। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित होनी चाहिए। किसानों को गेट पास, फसल की खरीद, उठान, भुगतान सहित किसी भी प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मंडी में नियमित निगरानी रखने और किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






