Wednesday, September 30, 2026
HomePunjabडिप्टी कमिश्नर और एसएसपी ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत फतेहगढ़...

डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत फतेहगढ़ साहिब जिले में नशा विरोधी गतिविधियों का लिया जायजा

फतेहगढ़ साहिब, 30 सितंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद और एसएसपी शुभम अग्रवाल ने पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत फतेहगढ़ साहिब जिले में नशा विरोधी गतिविधियों का जायजा लिया। डिप्टी कमिश्नर ने इस मौके पर बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशा करने वालों का नशा छुड़ाकर उनके पुनर्वास के लिए कौशल विकास पर जोर दे रही है। एसएसपी ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब पुलिस मुख्यमंत्री और डीजीपी के निर्देशों के अनुसार नशों की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए दृढ़ संकल्पित है, लेकिन नशों की मांग को खत्म करने के लिए समाज का सहयोग बेहद जरूरी है।

डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी की जिला प्रशासनिक परिसर में हुई इस बैठक के दौरान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत नशा मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष ओंकार सिंह चौहान, सुखविंदर सिंह बेदी, हलका इंचार्ज ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’, एसडीएम फतेहगढ़ साहिब करुण गुप्ता, एसडीएम बस्सी पठाना दीपजोत कौर, एसडीएम अमलोह हरवीर कौर और एसडीएम खमाणों अरविंद कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।

डॉ. सोना थिंद ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के दौरान नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, निगरानी, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत किया गया है। इसके चलते वार्ड और ग्रामीण डिफेंस कमेटियों के सदस्य तथा आम लोग नशों के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सिविल प्रशासन की ओर से इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों को प्रेरित करके नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से गांवों और शहरी स्तर पर नशों के खिलाफ गठित कमेटियों की विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण डिफेंस कमेटियों और वार्ड डिफेंस कमेटियों की बैठकों में गांव स्तर पर ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा शहरी स्तर पर कार्यकारी अधिकारी पूरा सहयोग करें और इस अभियान का अधिक से अधिक लोगों तक प्रचार-प्रसार किया जाए।

एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिला फतेहगढ़ साहिब पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ‘सेफ पंजाब पोर्टल’ पर नशा तस्करों की जानकारी देने पर भी जोर दिया और कहा कि ऐसी जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाती है।

उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जा रहा है और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नशों का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments