नई दिल्ली, 2 अक्टूबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने शुक्रवार को केंद्रीय दिल्ली के 11 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अगले आदेश तक बंद कर दिया। इनमें राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख स्टेशन भी शामिल हैं।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब आम आदमी पार्टी और विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। प्रदर्शन से जुड़े संगठनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
इन 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
डी.एम.आर.सी. के अनुसार, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्रवेश और निकास बंद रहेगा।
हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यानी इन स्टेशनों से दूसरी मेट्रो लाइन में बदलने की सुविधा जारी रहेगी।
एस.आई.आर. को लेकर प्रदर्शन का आह्वान
प्रदर्शन का मुद्दा मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने से जुड़ा है। AAP के साथ AISA, NSUI और इंडियन यूथ कांग्रेस ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इन संगठनों की ओर से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दिए जाने की बात कही है और नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों के लिए सलाह: केंद्रीय दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले लोगों को मेट्रो स्टेशनों पर लागू प्रवेश-निकास प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।





